संवाददाता: सच्चिदानंद राय
गोला, गोरखपुर। गोला थाना क्षेत्र में सोशल मीडिया पर पति और सास पर जहर देने का आरोप लगाते हुए वीडियो वायरल होने के करीब 24 घंटे बाद विवाहिता तराना बानो की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पति और सास के खिलाफ गोला थाने में तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार, 27 जून को पति नाजिम अली और उसकी मां ने तराना के साथ मारपीट कर उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया था। पहले उसका इलाज बड़हलगंज, गोरखपुर और आजमगढ़ में कराया गया, बाद में लखनऊ के मेडबिल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 17 जुलाई की रात उसकी मौत हो गई।
मृतका की मां जहरूननिशा ने गोला पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उनकी पुत्री के साथ लगातार उत्पीड़न किया जाता था। परिजनों का कहना है कि मृतका का वायरल वीडियो भी उनके पास मौजूद है, जिसमें उसने पति और सास पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
पुलिस का कहना है कि तहरीर, वायरल वीडियो, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments