रिपोर्ट : देवेन्द्र पाण्डेय
वाराणसी।सारनाथ क्षेत्र में एक गिट्टी-बालू व्यापारी के दुकान पर रात के अंधेरे में तोड़फोड़ और रंगदारी मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।बदमाशों ने व्यापारी को पिस्टल तानकर 5 लाख रुपये महीना रंगदारी देने की धमकी दी और खुद को "झुन्ना पंडित का शूटर" बताकर डराया।मौके से एक खोखा (कारतूस का खोल) भी बरामद हुआ है।
प्रार्थी कृष्णा यादव पुत्र राजेंद्र यादव, निवासी परशुरामपुर (सारनाथ थाना क्षेत्र) ने सारनाथ थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह गिट्टी-बालू का व्यापार करता है।दिनांक 2 फरवरी 2026 को रात करीब 8:40 बजे वह बकाया वसूली के लिए सारनाथ आया था।तभी मंडी के ड्राइवर ने फोन पर सूचना दी कि 10-12 अज्ञात लोग उनकी दुकान "डी एम इंटरप्राइजेज" पर तोड़फोड़ कर रहे हैं और गाली-गलौज कर रहे हैं।घटना स्थल पर पहुंचने पर कृष्णा यादव ने देखा कि शिवम सिंह,यश सिंह,लोकेश गुप्ता सहित 9 अन्य अज्ञात व्यक्ति कैमरा तोड़ रहे थे।विरोध करने पर आरोपियों ने कहा,"बिना रंगदारी दिए तुम दुकान कैसे चला रहे हो?पहले भी फोन पर मांगी थी,नहीं दिया।आज तोड़फोड़ कर रहे हैं।"उन्होंने 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी और धमकी दी कि एक महीने में नहीं दिया तो जान से हाथ धो बैठोगे।
व्यापारी ने कहा कि वह पहले से ही एक लाख रुपये महीना दे रहा है और इतनी बड़ी रकम नहीं दे सकता,तो बदमाशों ने और सख्ती दिखाई।यश सिंह और शिवम सिंह ने कमर से असलहा (पिस्टल) निकालकर व्यापारी पर तान दिया।उन्होंने उसकी जेब से 20,000 रुपये नगद जबरन छीन लिए और कहा कि बाकी पैसा जल्द नहीं दिया तो जान जाएगी।बदमाश खुद को "झुन्ना पंडित का शूटर" बता रहे थे।
व्यापारी ने बताया कि इनकी वजह से वह व्यापार करने में असमर्थ हो गया है और परिवार पर भी खतरा मंडरा रहा है।वह काफी डरा हुआ है।सारनाथ थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित ने प्रार्थना पत्र दिया है।सीसीटीवी फुटेज और प्रार्थना पत्र की जांच के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह घटना वाराणसी में रंगदारी और गैंगस्टर तत्वों के बढ़ते असर को दर्शाती है,जहां व्यापारी खुले तौर पर धमकियों का शिकार हो रहे हैं।पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू कर दी है।



0 Comments