Snider Image 1 Snider Image 2 Snider Image 3
1 जनवरी 2025 को शकुन टाइम्स न्यूज़ पोर्टल का शुभारंभ, सही और सटीक खबरों के साथ आपके विश्वास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के संकल्प के साथ।

हक की बात जिलाधिकारी के साथ” पीड़ित महिलाओं ने साझा की अपनी समस्याएं,

महराजगंज, 

रिपोर्ट: अरविंद कुमार

महराजगंज महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य घरेलू हिंसा, उत्पीड़न और अन्य सामाजिक समस्याओं से जूझ रही महिलाओं को अपनी समस्या सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखने हेतु मंच उपलब्ध कराना था। 

कार्यक्रम के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं ने घरेलू हिंसा, आर्थिक प्रताड़ना, पारिवारिक विवाद, संपत्ति से वंचित किए जाने जैसी अनेक समस्याओं को विस्तार से जिलाधिकारी सन्तोष कुमार शर्मा के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों — महिला कल्याण, पुलिस, समाज कल्याण व अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जिलाधिकारी  ने आवश्यकतानुसार महिलाओं को निशुल्क विधिक परामर्श उपलब्ध कराने हेतु जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। कोई भी महिला यदि हिंसा या उत्पीड़न का शिकार होती है, तो उसे हर संभव कानूनी व आर्थिक सहायता त्वरित रूप से प्रदान की जाएगी। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी पीड़िताओं के मामलों का निस्तारण समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से किया जाए, साथ ही उनकी गोपनीयता और गरिमा का भी पूर्ण ध्यान रखा जाए।

जिलाधिकारी ने कहा कि “हक की बात जिलाधिकारी के साथ” कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ शिकायत सुनना नहीं, बल्कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता है कि कोई भी महिला अपने अधिकारों के लिए संघर्ष में अकेली न रहे — जिला प्रशासन उसके साथ खड़ा रहेगा।

Post a Comment

0 Comments

© Copyright Shakun Times. Designed by Rktechzone .