वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के सुंदरपुर स्थित ट्राइडेंट हॉस्पिटल में रविवार-सोमवार की रात जमकर हंगामा और मारपीट हुई।इस मामले में अस्पताल कर्मी और तीमारदार दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है,जिसके आधार पर लंका पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ परस्पर (दोतरफा) मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले पक्ष (अस्पताल कर्मी) का आरोप:
अस्पताल में रात्रि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी सूरज केशरी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे विनोद मौर्य नामक व्यक्ति नशे की हालत में अस्पताल परिसर में आया। आरोप है कि उसने ड्यूटी पर मौजूद आरएमओ (RMO) के साथ गाली-गलौज व मारपीट की और महिला नर्सिंग स्टाफ के साथ अभद्रता व छेड़खानी (गलत जगह हाथ लगाना) की।साथ ही अस्पताल के दरवाजे तोड़कर संपत्ति को नुकसान पहुँचाया। इस तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
दूसरे पक्ष (तीमारदार) का आरोप:
वहीं,माधोपुर (सिगरा) निवासी बिनोद कुमार मौर्य ने चौकी प्रभारी संकट मोचन व थाना लंका में दी शिकायत में आरोप लगाया है कि रात करीब 1 बजे वह एक लड़के का इलाज कराने सुंदरपुर स्थित अस्पताल पहुँचे थे। आरोप है कि वहाँ मौजूद सुरज कुमार केशरी कमीशन और रुपयों की मांग को लेकर नाराज रहते थे और नशे की हालत में गाली-गलौज करते हुए इलाज से मना कर दिया। विरोध करने पर सुरज और उनके 5-6 अज्ञात साथियों ने मिलकर उनकी व बेटे की पिटाई कर दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और गले की चेन भी नोच ली गई। इस शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।फिलहाल लंका पुलिस दोनों पक्षों की तहरीर पर दर्ज मुकदमों की विवेचना कर रही है।

0 Comments