मोतिहारी से जावेद आलम की रिपोर्ट
मंगेतर को मैसेज करने को लेकर हुआ विवाद, पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कर रही छापेमारी
पूर्वी चंपारण जिले के घोड़ासहन थाना क्षेत्र अंतर्गत घोड़ासहन कॉलेज गेट के समीप गुरुवार की रात आपसी विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई। इस घटना में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान घोड़ासहन थाना क्षेत्र के गोआरिया टोला निवासी विकास कुमार और राजू कुमार के रूप में हुई है। दोनों मीशो डिलीवरी बॉय का काम करते थे।
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले मीशो कार्यालय में एक लड़की को मैसेज करने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। विवाद शांत होने के बाद काम खत्म कर विकाश कुमार और राजू कुमार दोनों युवक घर लौट रहे थे। इसी दौरान कॉलेज गेट के समीप आरोपियों ने उन्हें घेर लिया दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया और इसी दौरान हमलावरों ने चाकू निकाल कर दोनों पर ताबड़तोड़ वार कर दिया
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, घोड़ासहन पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए दोनों को मोतिहारी सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
घोड़ासहन थानाध्यक्ष अमरजीत कुमार ने बताया कि मंगेतर पर मैसेज किए जाने को लेकर विवाद बढ़ा था, जो बाद में चाकूबाजी तक पहुंच गया। उन्होंने बताया कि घायल युवक फिलहाल खतरे से बाहर हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

0 Comments