साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अन्य समस्याओं को लेकर ग्रामीणों से किया संवाद
परमात्मा मौर्य की रिपोर्ट
गोरखपुर
जंगल कौड़िया। ब्लॉक जंगल कौड़िया अंतर्गत ग्राम सभा जमुआड़ में पुलिस प्रशासन की ओर से जन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में थाना अध्यक्ष (SHO), क्षेत्राधिकारी (CO) कैंपियरगंज, मजनू चौकी प्रभारी सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को सुनना तथा उन्हें कानून-व्यवस्था और सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां देकर जागरूक करना रहा। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से गांव की समस्याओं, आपसी विवाद, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध, नशे के दुष्प्रभाव तथा अपराध की रोकथाम को लेकर विस्तार से चर्चा की।
अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। साथ ही साइबर ठगी से बचने के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करने के प्रति भी जागरूक किया गया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न समस्याएं पुलिस अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस अवसर पर पुलिस प्रशासन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। जन चौपाल को लेकर ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना की।

0 Comments